(स्पोर्ट्स डेस्क): विराट कोहली के नाबाद शतक की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 विकेट से मैच को जीत लिया. रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी के शानदार 71 रन और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रनों की बदौलत 192/4 का स्कोर खड़ा किया. लेकिन चेज मास्टर कोहली की शानदार पारी की मदद से आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक पूरा किया। वह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने तीन विकेट लिए जबकि सुनील नरेन को एक सफलता मिली।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 में से आठ मुकाबले जीतकर 16 अंक और +1.053 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, केकेआर लगातार चार मुकाबलों में जीत के बाद हारकर आठवें स्थान पर खिसक गई। विराट कोहली ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे. यह उनका 9वां IPL शतक और T20 में कुल मिलाकर 10वां शतक था. इस शानदार पारी की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड भी दिया गया. जिसके साथ वो IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा ये अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ी रोहित शर्मा की बराबरी कर ली. दोनों खिलाड़ी अब तक 21-21 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं. तीसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं, जिन्होंने 18 बार ये अवॉर्ड अपने नाम किया है.

#IPL2026 #IPL #KKR #RCB #viratkohli #Bcci,