देहरादून को देह व्यापार का अड्डा बनने से बचाइए – अवैध स्पा सेंटरों पर तत्काल कार्रवाई की जाए
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): युवा शिव सेना उत्तराखण्ड के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज सीटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार देहरादून को ज्ञापन सौंपकर शहर में बढ़ते देह व्यापार, स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अनैतिक गतिविधियों, निजी फ्लैटों एवं आवासीय क्षेत्रों में चल रहे संदिग्ध नेटवर्कों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि देहरादून अपनी सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक पहचान के लिए जाना जाता है, किन्तु हाल के वर्षों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं जो समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। समय-समय पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी एवं कार्रवाई भी इस समस्या की गंभीरता को दर्शाती है।

इस अवसर पर सागर रघुवंशी, प्रदेश अध्यक्ष, युवा शिव सेना उत्तराखण्ड ने कहा कि देहरादून को किसी भी कीमत पर अनैतिक गतिविधियों और देह व्यापार का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। प्रशासन को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर ऐसे नेटवर्कों की जड़ों तक पहुंचना होगा। समाज को दूषित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर अभियान चलाया जाना आवश्यक है।
वहीं सुमित चौधरी, प्रदेश महासचिव, युवा शिव सेना उत्तराखण्ड ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार मिल रही शिकायतें अत्यंत चिंताजनक हैं। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है तो युवा शिव सेना उत्तराखण्ड जनजागरण अभियान चलाते हुए व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। सामाजिक मर्यादाओं एवं युवाओं के भविष्य से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मनजीत भट्ट, महानगर अध्यक्ष, देहरादून ने कहा कि देहरादून जैसे शांत एवं सांस्कृतिक शहर में इस प्रकार की गतिविधियों का बढ़ना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। आवासीय क्षेत्रों, निजी फ्लैटों एवं स्पा सेंटरों के संबंध में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को व्यापक सत्यापन अभियान चलाना चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि शहर का सामाजिक वातावरण सुरक्षित एवं मर्यादित बना रहे।

युवा शिव सेना उत्तराखण्ड ने प्रशासन से मांग की है कि जनपद के सभी स्पा सेंटरों, मसाज पार्लरों, गेस्ट हाउसों, निजी फ्लैटों एवं संदिग्ध प्रतिष्ठानों की विशेष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर मोहित अमित गोविंद राजू शुभम सोनू आयुष विशाल अभिराज रितेश लक्ष्य समीर कमलेश वरुण कैलाश मन्नू विवेक नीरज वंश आलोक अंश सहित सैकड़ों युवा शिव सैनिक मौजूद रहे।
#shivsena #yuvasena #Dehradunnews #Uttarakhandnews,,







