दिव्यांशु जटराना हत्या मामले में राकेश टिकैत ने उत्तराखंड सरकार को लिया आड़े हाथ
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मुजफ्फरनगर के रहने वाले छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के विरोध में राजधानी देहरादून में शुक्रवार को किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, करीब 10 बजे से ही आशारोड़ी चेक पोस्ट परिसर में किसानों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। करीब 12 बजे पहुंचे टिकैत ने सबसे पहले मृतक छात्र दिव्यांशु को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उत्तराखंड में बढ़ते अपराध और नशे पर जमकर हमला बोला। साथ ही शासन- प्रशासन और सरकार को आड़े हाथों लिया। किसानों ने मामले में मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग की, जिसके बाद 12 सदस्यीय कमेटी को सीएम धामी ने मुलाकात का वक्त दिया. इसके बाद हुई बातचीत में दिव्यांशु हत्याकांड को लेकर विस्तार से बात हुई. सीएम धामी से मुलाकात के बाद देहरादून में किसानों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है. अब मामले में न्याय मिलने तक 12 सदस्यीय कमेटी सक्रिय रहेगी. इस दाैरान राकेश टिकैत ने दिव्यांशु हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई के साथ नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। इस पर सीएम ने मामले में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राकेश टिकैत ने दिव्यांशु हत्याकांड के बहाने राज्य की पूरी कानून व्यवस्था को आड़े हाथ लिया। उन्होंने यहां पर नशे के बढ़ते चलन के लिए पुलिस प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन चाहे तो अनाधिकृत शराब की एक बोतल भी नहीं बिक सकती। जबकि, राजधानी देहरादून में नशे का इस कदर चलन बढ़ गया है कि युवा अंधेरी राह में जा रहे हैं। अपना भविष्य खोखला कर रहे हैं। उन्होंने देहरादून में चल रहे हुक्काबार को बंद करने और नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की अपील की। जब हमारे बच्चे ही सुरक्षित नहीं होंगे तो उनको उत्तराखंड में पढ़ाकर क्या फायदा। हम अपने बच्चों को कही और पढ़ा लेंगे। अगर हम यहां की अच्छी पढ़ाई का प्रचार कर सकते हैं तो यहां की बुराई का भी करेंगे। देहरादून में बढ़ते अपराध और नशाखोरी के लिए उन्होंने पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटक भी तभी आएंगे, जब यहां सुरक्षा और बेहतर माहाैल होगा। उन्होंने कहा कि दून शिक्षा का हब है, इसलिए यहां देशभर से बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। अभिभावक चाहते हैं कि उनका बच्चा पढ़ लिखकर नाम रोशन करे। इसके विपरीत उत्तराखंड में अपराध और नशे का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में अभिभावकों को सोचना पड़ेगा कि बच्चों को कैसे यहां पढ़ाएं। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि देहरादून को हमेशा एक शांत और शिक्षा नगरी के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन अब यहां का माहौल बिगड़ता जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसान अपने बच्चों को पढ़ने के लिए देहरादून भेजते हैं, लेकिन अगर ऐसी घटनाएं होती रहीं तो लोग अपने बच्चों को यहां भेजना बंद कर देंगे.
पंचायत के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने आश्वासन दिया कि दिव्यांशु हत्याकांड में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के ऊपर 50-50 हजार इनाम घोषित किया जाएगा। साथ ही आरोपियों के घर की कुर्की भी कराई जाएगी। दिव्यांशु हत्याकांड में कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए डोबाल ने कहा कि पुलिस जांच में जो भी आरोपी सामने आए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभी तक कई गिरफ्तारी हो चुकी है। पकड़ से बाहर आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है। इस इनाम को 50-50 हजार रुपये करने के लिए फाइल भेजी जा रही है। आरोपियों के गैर जमानती वारंट भी लिए जा चुके हैं। अगला कदम उनके घरों की कुर्की होगी।
#cmpushkarsinghdhami #pushkarsinghdhami #cmdhami #Dehradunnews #Uttarakhandnews #Muzaffarnagarnews #BKU #RakeshTikait #DivyanshuMurderCase,






