हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा बाबा केदारनाथ धाम
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे। जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा वातावरण “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और चारों ओर भक्ति का सागर उमड़ पड़ा. भक्तों के चेहरों पर आस्था, उत्साह और उल्लास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था. केदारनाथ धाम में कपाट खुलने का यह पर्व एक बार फिर आस्था, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम बनकर सामने आया, जिसने हर श्रद्धालु के मन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया.
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कपाट खुलने के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने संकल्प लेकर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार सांय करीब 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से चली डोली 17 किमी पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, छोटे-बड़े लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचते ही हजारों श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोषों के साथ पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रों के उच्चारण और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ केदारनाथ धाम के द्वार श्रद्धालुओं के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिए गए हैं. मंत्रोंच्चारण के साथ अगले 6 महीने के लिए कपाट खोले गए हैं. इस दौरान हर हर महादेव के जयघोष से बीच पूरा धाम गूंज उठा है.
#KedarnathDham #CharDhamYatra #cmpushkarsinghdhami #pushkarsinghdhami #cmdhami #Dehradunnews #Uttarakhandnews,






