(स्पोर्ट्स डेस्क) : आईपीएल 2022 के 27वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स को 26 रनों से हरा दिया. आरसीबी की यह चौथी जीत है. वहीं दिल्ली की यह तीसरी हार है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 5 विकेट पर 189 रन बनाए थे. इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 173 रन ही बना सकी.  टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी आरसीबी ने पहले तीन ओवर के अंदर दोनों सलामी बल्लेबाज अनुज रावत और कप्तान फाफ डुप्लेसी के विकेट गंवा दिए थे, जिससे स्कोर दो विकेट पर 13 रन हो गया. मैक्सवेल ने 34 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर आरसीबी को शुरुआती झटकों से उबारा. बाद में कार्तिक (34 गेंदों पर नाबाद 66 रन, पांच चौके, पांच छक्के) ने शाहबाज अहमद (21 गेंदों पर नाबाद 32 रन, तीन चौके, एक छक्का) के साथ छठे विकेट के लिये 97 रन की अटूट साझेदारी की. आरसीबी ने आखिरी चार ओवर में 69 रन जोड़े और पांच विकेट पर 189 रन का मजबूत स्कोर बनाया.  190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने शानदार शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 4.4 ओवर में 50 रन जोड़े. शॉ 13 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद मिचेल मार्श ने काफी धीमी बल्लेबाज़ी की.  मार्श ने 24 गेंदों में बिना किसी बाउंड्री के 14 रन बनाए. हालांकि, दूसरे छोर पर वॉर्नर ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते रहे. वॉर्नर ने 38 गेंदों में 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 66 रन बनाए. दूसरे छोर पर कप्तान ऋषभ पंत ने भी 17 गेंदों में 34 रनों की विस्फोटक पारी खेली. 

#Bcci, #indiacricket, #indiacricketteam, #icc, #ipl2022, #IPL,