जोधपुर में भड़की हिंसा, दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प
जोधपुर, (न्यूज़ डेस्क): ईद से कुछ घंटे पहले राजस्थान के जोधपुर शहर में सोमवार देर रात सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया और इस दौरान पथराव में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. पुलिस बल की तैनाती से हालात पर काबू पा लिया गया लेकिन मंगलवार को ईद की नमाज के बाद तनाव फिर बढ़ गया. पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों ने जालोरी गेट के पास के इलाके में पथराव किया जिसमें कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. हिंसा की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग किया है. जबकि अफवाह फैलाने से रोकने के लिए जोधपुर में इंटरनेट सेवाएं पहले ही बंद कर दी गईं हैं. जोधपुर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृहनगर है, उन्होंने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है. मिली जानकारी के अनुसार इस विवाद की शुरुआत सोमवार आधी आधी रात के बाद हुई जब अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ सदस्य ईद के मौके पर जालोरी गेट के पास एक चौराहे पर धार्मिक झंडे लगा रहे थे. इसमें कहा गया है कि लोगों ने चौराहे में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर झंडा लगाया जिसका हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां परशुराम जयंती पर लगाए गए भगवा ध्वज को हटाकर इस्लामी ध्वज लगा दिया, इसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए और झड़प हो गई. जोधपुर के जालौरी गेट पर सोमवार रात दो गुटों के बीच स्वतंत्रता सेनानी की मूर्ति पर इस्लामिक झंडा फहराने की बात को लेकर झड़प हो गई. इसके बाद मंगलवार सुबह एक बार फिर तनाव के बाद कबूतरों का चौक पर दो गुटों के बीच पथराव हुआ. हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया, लेकिन अभी भी पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.







