असम के कोकराझार में शहीद हुआ एसएसबी जवान अंकित चौधरी
मुजफ्फरनगर, (न्यूज़ डेस्क)। SSB जवान अंकित चौधरी असम के कोकराझार में हुए हमले में शहीद हो गया। परिवार को जानकारी मिली तो घर में कोहराम छा गया। देर रात असम से अंकित को कई गोलियां लगने की सूचना परिवार के लोगों को मिली थी, जिसके बाद अस्पताल में जवान के देहांत की जानकारी सामने आई।
नगरपालिका परिषद के पूर्व सभासद प्रमोद रेत्ता वाले निवासी दक्षिणी कृष्णापुरी का पुत्र 30 वर्षीय अंकित चौधरी असम के कोकराझार जिले में भारत-भूटान सीमा के समीप शस्त्र सीमा बल में पोस्टेड था। पारिवारिक सूत्रो के अनुसार देर सायं परिवार के लोगों को जानकारी मिली थी कि एक हमले में अंकित चौधरी को कई गोली लगी हैं। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अंकित के अस्पताल में आइसीयू में भर्ती होने की जानकारी भी परिवार के लोगों को दी गई। लेकिन देर रात काेकराझार से अंकित के शहीद होने की खबर आई। बड़े भाई माेनू ने बताया कि अंकित एसएसबी में 2013 में भर्ती हुआ था। कई पोस्टिंग के बाद उसे कोकराझार भेज दिया गया था। बताया कि इस बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल रही है कि हमला किसने किया। अंकित का शव शुक्रवार सायं तक दिल्ली और वहां से देर रात पैतृक आवास पर आने की उम्मीद है। अंकित के परिवार में पत्नी 6 तथा डेढ वर्षीय दो बेटियां हैं।







