मुजफ्फरनगर, (न्यूज़ डेस्क)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चरथावल में पूर्व राज्यमंत्री विजय कश्यप की प्रथम पुण्यतिथि मनायी,  गुरुवार को चरथावल स्थित कमला फार्म में भाजपा के पूर्व मंत्री स्वर्गीय विजय कश्यप की पुण्यतिथि पर शोकसभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा में केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि स्वर्गीय विजय कश्यप एक संघर्षशील लोकप्रिय व ईमानदार व्यक्ति थे, उन्होंने अपने संघर्ष के बल पर भारतीय जनता पार्टी में अपना एक मुकाम हासिल किया। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अनेकों कार्य किए व मृदुभाषी एवं जन सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते थे, जिनके लिए क्षेत्रवासी उन्हें हमेशा याद करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विजय कश्यप की पत्नी सपना कश्यप भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चल रही हैं और हमेशा जनता की सेवा में तत्पर हैं। शोक सभा में मंत्री संजीव बालियान, मंत्री ब्रजेश सिंह, कपिल देव अग्रवाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, एमएलसी सुरेश कश्यप,पूर्व विधायक प्रमोद ऊंटवाल, संघ के अधिकारी राकेश इत्यादि व क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ता मौजूद रहे।