मुजफ्फरनगर, (न्यूज़ डेस्क) । महावीर चौक स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए  भारतीय किसान यूनियन के दो फाड़ के बाद आज भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के पदाधिकारियों नेअपनी बात रखी। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक नें बताया कि भारतीय किसान यूनियन राजनैतिक हो चला था,  जिसकी वजह से अब हमारे और उनके विचार नहीं मिल रहे थे। इसी वजह से हमें अपना अलग से अराजनैतिक संगठन बनाना पड़ा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के समर्थन में गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक, लाटियान खाप से अशोक चौधरी, राजवीर सिंह मुंडेट सहित एक दर्जन खापों के चौधरियों ने भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन को अपना समर्थन दिया है। इस अवसर पर चौधरी राजेंद्र मलिक का कहना है कि वह भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के साथ मिलकर किसानों के मुद्दों की लड़ाई लड़ेंगे। इस दौरान धर्मेंद्र मलिक ने चौधरी राकेश टिकैत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बात किसान की लड़ाई की जरूर है, लेकिन किसानों के असल मुद्दों को पीछे रखा जा रहा है। उनके द्वारा अपने आपकी ब्रांडिंग ज्यादा की जा रही है। चौधरी महात्मा टिकैत ने कई आंदोलन बिना किसी मांग पूरी होने के इसलिए समाप्त कर दिए थे, क्योंकि आंदोलन भटकाव की ओर जा रहे थे । साथ ही धर्मेंद्र मलिक ने बताया  कि किसी भी संगठन के टूटने या नए संगठन के बनने से किसी खाप के चौधरी पर हमला नहीं हो सकता। खाप का काम समाज का काम है। धर्मेंद्र मलिक ने  सिसौली में उमेश मलिक के साथ हुई घटना पर खापों का धन्यवाद देते हुए कहा कि यदि खापो को तोड़ने की बात होती, तो वह प्रकरण और भी बढ़ाया जा सकता था, लेकिन सभी चौधरियों ने मिलकर उस पूरे प्रकरण को खाप का रंग नहीं लगने दिया था। वह समाज हित में काम करते हैं। हमारा संगठन बनाने का उद्देश्य बालियान खाप को तोड़ना या संगठन में बिखराव पैदा करना नहीं है,  बल्कि हमारी लड़ाई किसानों के मुद्दों को लेकर जारी रहेगी, जिसके लिए हम अपनी कार्यकारिणी गठित करेंगे और अपनी नीतियां उस कार्यकारिणी के साथ बैठकर बनाएंगे।