बड़ी खबर : एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी कटौती
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : लगातार बढ़ते दामों के बाद अब सरकार ने लोगों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर लगने वाली एक्साइज़ ड्यूटी को कम करने का एलान किया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि हम पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क 8 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर कम कर रहे हैं. इससे पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 7 रुपये प्रति लीटर कम हो जाएगी. ईंधन के अलावा सरकार ने महंगे गैस सिलेंडर खरीदने वालों को भी राहत दी है और उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति गैस सिलेंडर की सब्सिडी देने का फैसला किया है. इसका एलान करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, "हम प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति गैस सिलेंडर (12 सिलेंडर तक) की सब्सिडी देंगे. इससे हमारी माताओं और बहनों को मदद मिलेगी."
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बात का ऐलान किया है कि शनिवार रात से पेट्रोल-डीजल और LPG सिलेंडर के नए दाम लागू हो जाएंगे. बीते लंबे समय से लोगों को सरकार से ईंधन (पेट्रोल, डीजल, गैस) की महंगाई को लेकर शिकायत थी. लेकिन अब सरकार ने इस मामले में बड़ा कदम उठाते हुए ये फैसला लिया है.







