सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर अब होगी सख्त कार्यवाही !
मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने विभिन्न धर्म गुरुओं के साथ जिला शांति समिति की बैठक की । जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने कहा कि समाज के किसी वर्ग के किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की असंगत बात व्यक्त की जा रही है तो प्रत्यक्ष रोष व्यक्त करने के बजाय उसका स्क्रीनशॉट लेकर उचित माध्यम से पुलिस एवं प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए। पुलिस-प्रशासन तत्परता से उचित कार्यवाही अमल में लाएगा। जिला पंचायत सभागार में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के परिपेक्ष्य से बैठक मे जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने धर्मगुरुओं से जिले में भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने पर ना केवल चर्चा की बल्कि उनके विचार जाने। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार , व्यापारी नेता संजय मित्तल, सुरेन्द्र मित्तल, सुनील ग्रोवर, सतपाल मान, मुफ्ती जुल्फीकार, कृष्णगोपाल मित्तल मौजूद रहे।






