मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। प्रदूषण फैला रही एक अवैध फैक्ट्री पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने छापेमारी की। फैक्ट्री बिना मानकों के अवैध रुप से चल रही थी जिसको प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने सील कर दिया। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान अपने मित्रों के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जहां उन्होंने एनएच-58 स्थित गांव संधावली से गांव सहावली को जाने वाले रास्ते पर एक फैक्ट्री से जहरीला धुआं निकलते देखा। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान मॉर्निंग वॉक भूल सीधे फैक्ट्री पहुंच गए। जहां उन्होंने देखा कि फैक्ट्री में अवैध रूप से टीन को गलाया जा रहा है। फैक्ट्री के बारे में जब पूछा तो फैक्ट्री पर मौजूद कर्मचारी कुछ भी नहीं बता पाया। बाद में पता चला कि फैक्ट्री जैद इंटरप्राइजेज के नाम से चलाई जा रही है, जिसका कोई रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। इतना ही नहीं फैक्ट्री पर आग बुझाने के संयंत्र और प्रदूषण से संबंधित कोई दस्तावेज भी नहीं थे। दरअसल मामला थाना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के संधावली से सहावली जाने वाले मार्ग का है। जहां टीन को गलाने वाली फैक्ट्री बिना मानकों के अवैध रुप से चलाई जा रही थी। रविवार को केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने इस फैक्ट्री पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पता चला कि यह फैक्ट्री बिना परमिशन के चल रही थी। जिसको प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने सील कर दिया।