देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर चीड़बाग देहरादून में शौर्य स्थल पर माल्यार्पण कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि हम अपने प्रत्येक संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनता से जो भी वादे किए गए, उन्हें पूरा किया जाएगा। वर्तमान सरकार के कार्यकाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के 100 दिन विकास, समर्पण और प्रयास के रहे हैं, उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिये सभी के सहयोग से काम किया जा रहा है, 21वीं सदी का तीसरा दशक निश्चित तौर पर उत्तराखंड का दशक होगा।। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित थे।