महाराष्ट्र में चल रहा सियासी घमासान जारी, गुवाहाटी के होटल में ठहरे हैं शिवसेना के बागी विधायक
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : महाराष्ट्र में चल रहा सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज विधायकों के साथ बैठक करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना के 37 विधायकों समेत 45 विधायक कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले बागी खेमे में शामिल हो गए हैं. वहीं सीएम उद्धव ठाकरे के पास केवल मुंबई के 5 विधायक बचे हैं. एकनाथ शिंदे ने 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया है, लेकिन इसे पार्टी नेता संजय राउत ने चुनौती दी है. पार्टी नेता ने दावा किया है कि शिंदे के पाले में गए 40 में से कम से कम आधे विधायक वापस आने के लिए "संपर्क में" हैं. गौरतलब है कि बुधवार को गुवाहाटी पहुंचने के बाद शिंदे ने कुछ निर्दलीय विधायकों समेत 46 विधायकों के समर्थन का दावा किया था. उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष को एक पत्र लिखा था, जिस पर शिवसेना के 35 विधायकों ने हस्ताक्षर किए थे. इसमें सुनील प्रभु की जगह भरत गोगावले को शिवसेना विधायक दल का मुख्य सचेतक बनाया गया था. शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के विद्रोह के बीच शीर्ष पद छोड़ने की पेशकश के कुछ घंटों बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बुधवार रात दक्षिण मुंबई के अपने आधिकारिक आवास से उपनगरीय बांद्रा स्थित पारिवारिक आवास ‘मातोश्री' चले गए. बंगला छोड़ने से पहले सरकार पर आई संकट पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कहा कि अगर बागी विधायक यह घोषणा करते हैं कि वह उन्हें (ठाकरे) मुख्यमंत्री के रूप में नहीं देखना चाहते तो वह अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं.







