(स्पोर्ट्स डेस्क): रणजी ट्रॉफी 2022 का फाइनल मुकाबला रोमांचक मोड़ पर आ गया है. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 113 रन बना लिए हैं. हालांकि, मुंबई अभी भी 49 रन पीछे है. स्टम्प्स के समय अरमान जाफर 30 और सुवेद पार्कर 09 पर नाबाद लौटे. मुंबई ने अपनी पहली पारी में 374 रन बनाए थे. इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 536 रन बनाकर 162 रनों की बढ़त हासिल कर ली. एमपी के लिए रजत पाटीदार ने 122, यश दुबे ने 133 और शुभम शर्मा ने 116 रन बनाए. इसके बाद मुंबई ने दो विकेट पर 113 रन बना लिए हैं. पहली पारी में 162 रनों से पिछड़ने के बाद मुंबई ने दूसरी पारी में सॉलिड शुरुआत की. कप्तान पृथ्वी शॉ ने 52 गेंदों में 44 रन बनाए. उन्होंने इस दौरान तीन चौके और दो छक्के जड़े. उनके साथ पारी की शुरुआत करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तोमर ने 25 रन बनाए.