देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक आए सैलाब में कई श्रद्धालु बह गए। अब तक हादसे में 16 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं 30 से 40 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इसकी तलाशी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमरनाथ यात्रा मार्ग पर हुई दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए  दिवंगत आत्माओं की शांति की ईश्वर से कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की भी कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अमरनाथ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकलने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर वार्ता कर प्रभावित क्षेत्र में प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाने का अनुरोध किया।