आजादी का अमृत महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, तिरंगे झंडे की जमकर हो रही खरीदारी
मेरठ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) । आजादी का अमृत महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं. केंद्र सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर हर घर तिरंगा लहराने के अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर ज्यादा से ज्यादा तिरंगा लगाने की अपील की है. मेरठ में इस समय चारों तरफ तिरंगे झंडे की धूम है। जहां देखों तिरंगा झंडा लहरा रहा है। हर दुकान और बडे़ व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगे झंडे की बिक्री हो रही है। हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने के लिए लोग तिरंगे झंडे की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा विक्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आजादी के 75 साल पूरा होने के उत्सव को इस बार काफी बड़े महोत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत इस बार सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरूआत की है। जिससे जुड़कर सभी लोग इस बार 15 अगस्त को अपने घर पर तिरंगा लगाने की तैयारी कर रहे हैं। पीएम मोदी ने इसके साथ ही 15 अगस्त तक देशवासियों से अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तिरंगा डीपी लगाने का आग्रह किया है। इसके लिए युवाओं में क्रेज देखा जा रहा है।







