खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के लिये सौगातों की झड़ी लगा दी। उन्होंने घोषणा की कि ग्वालियर में स्वर्ण रेखा नदी पर एलीवेटेड रोड के प्रथम चरण के साथ ही दूसरे चरण के टेण्डर की प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी। स्वर्ण रेखा पर एलीवेटेड रोड निर्माण से ग्वालियर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने ग्वालियर से इटावा तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा भी की। केन्द्रीय मंत्री गड़करी गुरुवार शाम ग्वालियर शहर में विकास के नए आयाम के रूप में जुड़ने जा रहे एलीवेटेड रोड, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और 122 किलोमीटर लम्बी 7 सड़कों सहित लगभग 1199 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्वालियर विकास की नई उड़ाने भर रहा है, इसे और गति दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि लगभग 926 करोड़ रुपये की लागत की परियोजना के तहत चंबल व कोतवाल डैम से ग्वालियर के लिये पानी लाएंगे, जिससे शहर के सभी 66 वार्डों में दीर्घकाल तक पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।केन्द्रीय मंत्री गड़करी ने समारोह में घोषणा की कि ग्वालियर शहर में स्वर्ण रेखा पर दोनों चरणों का एलीवेटेड रोड़ अत्याधुनिक मलेशिया से आई नई तकनीक के साथ बनाया जायेगा। एलीवेटेड रोड़ के दोनों चरण के टेण्डर एक साथ निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि 6 लेन के आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा और मात्र तीन घंटे में दिल्ली से ग्वालियर की दूरी तय की जा सकेगी। लगभग 87 किलोमीटर लम्बे इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण लगभग 2500 करोड़ रुपये की लागत से होगा। उन्होंने घोषणा की कि आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे के किनारे लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना भी की जायेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ग्वालियर-आगरा के पुराने मार्ग का जीर्णोद्धार कर फोरलेन सीमेंट कंक्रीट मार्ग बनाया जायेगा, इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।