शाकुम्बरी देवी में अचानक आए तेज पानी के प्रवाह में बही श्रद्धालुओं की कार
सहारनपुर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क । शिवालिक पहाडि़यों की गोद में स्थित मां शाकुम्बरी देवी के खोल में मंगलवार तड़के करीब पांच बजे जबरदस्त पानी आ गया। पहाड़ों पर रातभर और सुबह हुई बारिश से शाकुम्बरी खोल में पानी का बहाव इतना तेज था कि शंकराचार्य आश्रम के पास एक ऑल्टो कार पानी में बह गई। उसमें सवार 55 वर्षीय महिला सीमा पत्नी हेमंत की पानी में डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लोगों ने अथक प्रयासों से सीमा की तीन बेटियों रिया, तानिया और मेघा एवं कार चालक रवि पुत्र प्रकाश को बचा लिया।
तहसीलदार बेहट प्रकाश, सीओ बेहट मुनीश चंद्र ने बताया कि कार सवार श्रद्धालुओं को भूरा महादेव मंदिर के पास शाकुम्बरी खोल में पानी आने की सूचना दी गई थी। लेकिन श्रद्धालु नहीं माने और वे कार लेकर शाकुम्बरी देवी मंदिर की ओर बढ़ते गए। शंकराचार्य आश्रम के पास उनकी अल्टो कार पानी के तेज प्रवास में फंस गई और बह गई। सीमा और उसकी बेटी रिया को भूरा देव मंदिर के पास से निकाला गया। तब तक सीमा की मौत हो चुकी थी लेकिन रिया को बचा लिया गया। सीमा की दो बेटियों तानिया और मेघा को लोगों ने शंकराचार्य आश्रम के पास ही बचाने में सफलता पा ली थी। कार चालक रवि प्रकाश को भी किसी तरह से पानी के तेज बहाव से सुरक्षित निकाल लिया गया। मृतक महिला और उसका परिवार सहारनपुर में शुगर मिल कालोनी में रहता है। दस सितंबर को भी बड़े सवेरे पहाड़ों पर तेज बारिश के कारण शाकुम्बरी देवी खोल में पानी आ गया था जिसमें तीन वाहन बह गए थे। प्रशासन ने मंदिर के आसपास लगी दुकानों को हटवा दिया था। इसी कारण उस दिन भी बड़ा हादसा होने से बच गया। योगी सरकार के अभी तक के साढ़े पांच साल के कार्यकाल के दौरान मां शाकुम्बरी देवी का गुणगान जमकर किया गया लेकिन सरकार ने वहां जाने वाले हिंदू श्रद्धालुओं के प्रति कोई सुरक्षित कारगर कदम नहीं उठाया है। शाकुम्बरी में बाढ़ आने की घटनाएं आम हैं। सिंचाई विभाग ने भी इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया।







