मैं चयन समिति का अध्यक्ष होता तो शमी को जरूर टीम में शामिल करता: श्रीकांत
(स्पोर्ट्स डेस्क) : मोहम्मद शमी को एशिया कप 2022 के लिए भी भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी. अब वे विश्वकप की टीम से भी बाहर हैं. भारत ने हाल ही में टी20 विश्वकप 2022 के लिए टीम का ऐलान किया है. इसमें मोहम्मद शमी को शामिल नहीं किया गया है. शमी टीम इंडिया के अनुभवी गेंदबाज हैं और कई मौकों पर कमाल का प्रदर्शन कर चुके हैं. लेकिन वे नवंबर 2021 से टी20 फॉर्मेट से बाहर चल रहे हैं. शमी को विश्वकप के लिए टीम में शामिल नहीं करने को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल छिड़ गया. उनके फैंस ने इसका विरोध किया. शमी को स्टैंडबाय में रखा गया है. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष के श्रीकांत ने शमी को टीम इंडिया में शामिल न करने पर हैरानी जताई है. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्र में कहा कि अगर मैं चयन समिति का अध्यक्ष होता तो शमी को जरूर टीम में शामिल करता. शमी को लेकर उनके फैंस भी सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे चुके हैं.







