खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला के आर्य समाज मंदिर में भाकियू द्वारा आयोजित किसान मजदूर महिला चौपाल में बतौर मुख्य अतिथि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसान व मजदूरों की विरोधी है। किसान व मजदूरों को संगठित होकर सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने को कमर कसनी होगी। चौपाल में आसपास के गांवों की महिला व भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसान-मजदूर महिला चौपाल में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसान व मजदूरों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। किसानों को बर्बाद करने के लिए नई-नई नीतियां लाई जा रही है। राकेश टिकैत ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार अभी हाल में ही देश में विदेशी दूध की आपूर्ति कर देश में दूध सप्लाई करेंगी, जिससे देश के दुग्ध उत्पादकों को नुकसान होगा, जो कम्पनी दूध की सप्लाई करेगी वह कम्पनी बाद में मनमाने दामों पर दूध बेचेंगी। उन्होंने किसानों व मजदूरों को एकजुट होकर सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने का आह्वान किया।

 उन्होंने महिलाओं को भी इस लड़ाई में साथ देने का आह्वान किया। लगभग 800 साल पहले खाप पंचायत के पास महिलाओं की 48000 की फौज थी। आज के समय में कम खर्चा ही आमदनी है। राकेश टिकैत ने कहा कि महिला विंग अभी तक जिले व प्रदेश स्तर तक ही काम कर रहा था। अब गांव दर गांव महिला विंग का गठन किया जाएगा। चौपाल में मौजूद मुख्य अतिथि सुनीता टिकैत ने भी भाकियू कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। चौपाल की अध्यक्षता शांति देवी व संचालन बबली त्यागी व सोनिया सैनी ने किया। चौपाल में ओमबीरी देवी नरेश टिकैत की बहन, नीलम देवी जिलाध्यक्ष महिला विंग हापुड़, फरमाना , सोनिया सैनी जिलाध्यक्ष महिला विंग मुजफ्फरनगर , बबली त्यागी अध्यक्ष पउप महिला विंग, अनीता, स्वेता, रेनू, ममता, सावित्री, अन्नू, सोनिया, सीमा, सुनीता, रामरोशनी, निशा, हसीना, साइस्ता, वकीला, सरवरी आदि सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों महिला व भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।