विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ मैच में रच सकते हैं इतिहास
(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत और बांग्लादेश के बीच आज होने वाले मैच में विराट कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. विराट कोहली अभी टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर काबिज हैं. अगर वह टी20 वर्ल्ड कप में आज बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में 15 रन और बना लेते हैं, तो वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. कोहली के नाम अभी टी20 वर्ल्ड कप में 1001 रन दर्ज हैं. महेला जयवर्धने ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 1016 रन बनाए हैं. विराट कोहली ने भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में 100 से ज्यादा मैच खेले हैं. उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 71 शतक दर्ज हैं. वह चेस करते हुए बहुत ही खतरनाक बल्लेबाजी करते हैं. मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ शानदार पारियां खेली हैं.







