'नो मनी फॉर टेरर' सम्मेलन में पीएम मोदी की हुंकार, कहा- आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने तक चैन से नहीं बैठेंगे
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दशकों से अलग-अलग रूपों में आतंकवाद ने भारत को चोट पहुंचाने की कोशिश की जिसकी वजह से हमने हजारों कीमती जानें गंवाईं. लेकिन हमने आतंकवाद का बहादुरी से मुकाबला किया. आतंकवाद का दीर्घकालिक प्रभाव गरीबों और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर होता है,चाहे फिर वह पर्यटन हो या व्यापार. कोई भी उस इलाके को पसंद नहीं करता जहां लगातार खतरा बना रहता है. इसकी वजह से वहां के लोगों की आजीविका पर भी असर पड़ता है.
आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार को दिल्ली में आतंकवाद-रोधी वित्तपोषण पर आयोजित 'नो मनी फॉर टेरर' सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंक का एक हमला सब पर हमला है. हम रुकेंगे नहीं जब तक आतंकवाद को जड़ से उखाड़ नहीं फेंकेंगे. आतंकवाद ऐसा विषय है जो मानवता पर असर डालता है.. ये इकानामी पर असर डालता है. पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर बिना नाम लिए हमला बोला. उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे देश भी हैं जो आतंकवाद को आर्थिक मदद देते हैं. पीएम मोदी ने आगे कहा, ये अहम है कि ये कॉन्फ्रेंस भारत में हो रही है. विश्व से पहले भारत ने आतंकवाद का असर झेला, भारत ने दृढ़ता से आतंकवाद का मुकाबला किया. उन्होंने कहा, टेरर फाइनेंसिंग की जड़ पर हमला करना चाहिए. आतंक को लेकर अलग-अलग धारणा है. आतंकवाद को एक ही चश्मे से देखना चाहिए और हर आतंकी हमले का उसी दृढ़ता से मुकाबला करना चाहिए. सम्मेलन में पीएम ने कहा, आतंक की कोई सीमा नहीं होती. सिर्फ जीरो टॉलरेंस अप्रोच उसका मुकाबला कर सकती है. यह तीसरा मंत्री स्तरीय सम्मेलन है. इससे पहले यह सम्मेलन अप्रैल 2018 में पेरिस में और नवंबर 2019 में मेलबर्न में आयोजित किया गया था. सम्मेलन में दुनिया भर के लगभग 450 प्रतिनिधि ने भाग लिया है
#No Money For Terror Conference, #khabarnewindia,







