खतौली उपचुनाव: दंगे की कड़वाहट को गन्ने की मिठास में बदल देगी खतौली की जनता: जयंत चौधरी
मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): खतौली उपचुनाव के लिए रालोद ने पार्टी प्रत्याशी के प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। जयंत चौधरी भी लगातार गांव-गांव का दौरा कर पार्टी प्रत्याशी मदन भैया के हक में लोगों से वोट की गुजारिश कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने कई गांव में स्वयं पहुंचकर वोटर पर्ची का वितरण किया। जयंत चौधरी खतौली विधानसभा क्षेत्र के 11 गांव का दौरा किया। उन्होंने मोहिद्दीनपुर, बहापुर, गालिबपुर, पमनावली, कलावड़ा, गदनपुरा, अंती, मीरापुर, खानपुर और नंगली तथा तिसंग जाकर नुक्कड़ सभाएं की और लोगों से समर्थन मांगा। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि चौ. अजित सिंह की तरह ही उनकी प्राथमिकता समाज में भाईचारा कायम रखने की है। कहा कि क्षेत्र की जनता इस बात को बेहतर तरीके से समझती है, लेकिन कुछ लोग सियासी लाभ हासिल करने के लिए लोगों को आपस में उलझाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी छल करें, लेकिन खतौली की जनता इस उप चुनाव में दंगे की कड़वाहट को गन्ने की मिठास में बदल देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी मुद्दे पर चुनाव लड़े, लेकिन वह जनता के मुद्दों पर जनता के बीच जा रहे हैं। जयंत चौधरी ने कहा कि विधानसभा का उपचुनाव सरकार बनाने या हटाने के लिए नहीं हो रहा है, बल्कि स्वाभिमान और किसानों के मुद्दे को लेकर हो रहा है। थाना क्षेत्र के गांव तिसंग में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया गया है। चुनाव परिणाम यदि गठबंधन के पक्ष में आया, तो सरकार गन्ना मूल्य घोषित करने पर मजबूर होगी। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भरोसा जताया कि उपचुनाव में गठबंधन की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि दंगे कराने वाले लोग बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है।
#Khatauli assembly by-election, #khabarnewindia ,







