मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। किसानों की समस्यााओं को लेकर मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में किसानों के अनिश्चितकालीन आंदोलन का आज पांचवा दिन था। वहीं आज किसानों के आंदोलन में चौधरी राकेश टिकैत मौजूद रहे। राकेश टिकैत ने केंद्र व प्रदेश सरकार को सवालों के घेरे में लेते हुए जमकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के 15 साल पुराने ट्रैक्टर को कटवाने के लिए कहा गया है। सरकार द्वारा लिए गए निर्णय का भारतीय किसान यूनियन पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि एक खरीदा गया ट्रैक्टर तीन पीढ़ी चलता है, मगर पूंजीपतियों और व्यापारियों को फ़ायदा देने के लिए देश व प्रदेश की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता का कहना है कि किसानों की आमदनी घटाते  हुए तेल, खाद, बिजली बिल आदि के रेट दोगुना कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देश भर में किसान अपने हक के लिए निरंतर धरना प्रदर्शन कर रहा है, मगर भाजपा की गूंगी बहरी सरकार को कुछ भी दिखाई एवं सुनाई नहीं दे रहा है। चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि धरना परमानेंट चलेगा। जब तक दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन में उत्तर प्रदेश के शहीद हुए किसानों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक धरना परमानेंट चलेगा। 

#RakeshTikait, #BKU,