(स्पोर्ट्स डेस्क): 9 फरवरी से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है. दोनों ही टीमें अब अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी हुईं हैं. इस टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम के मैच विनर विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत गैर मौजूद हैं, ऐसे में उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले केएस भरत को पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है. बीसीसीआई के एक सूत्र ने इनसाइड स्पोर्ट्स को दिए अपने बयान में कहा है कि पिछले एक साल में केएल राहुल कई बार चोटिल हो चुके हैं. ऐसे में उन्हें टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर खिलाना सही फैसला नहीं होगा. टेस्ट फॉर्मेट में आपको एक विशेषज्ञ विकेटकीपर बल्लेबाज की आवश्यकता होती है. टीम में इस समय भरत और इशान दो विकेटकीपर मौजूद हैं. ऐसे में अब टीम मैनेजमेंट को तय करना है कि वह किसे प्लेइंग इलेवन में मौका देती है. ऋषभ पंत दिसंबर 2022 में एक कार दुर्घटना के दौरान खुद को चोटिल कर बैठे थे, इसके चलते वह टीम इंडिया से फिलहाल लंबे समय के लिए बाहर हो चुके हैं. वहीं केएस भरत की बात की जाए तो वह पिछले एक साल से अधिक समय से भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं लेकिन अभी तक उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला है.

पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला जाएगा. भारत के लिहाज से सीरीज बहुत ही अहम है. इस शृंखला का परिणाम ही तय करेगा कि टीम रोहित जून में खेले जाने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेगी या नहीं. कंगारू पहले ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जगह बना चुके हैं. 

#IND vs AUS, #teamindia,