(स्पोर्ट्स डेस्क): अहमदाबाद टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 480 रन पर सिमट गई है. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, उस्मान ख्वाजा ने 180 रन, कैमरन ग्रीन ने 114 रन और टॉड मर्फी ने 41 रन की पारी खेली थी। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने छह विकेट झटके थे। दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 36 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम को आज 10 ओवर बैटिंग करनी पड़ी। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 33 गेंदों में 17 रन और शुभमन गिल 27 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद हैं। 
अश्विन ने इस पारी में कुल छह विकेट झटके। 32वीं बार उन्होंने टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए हैं। वहीं, भारतीय जमीन पर 26वीं बार उन्होंने ऐसा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सातवीं बार अश्विन ने टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए हैं। वह अब तक कंगारुओं के खिलाफ टेस्ट में 113 विकेट ले चुके हैं। अश्विन के अलावा शमी को दो विकेट मिले। वहीं, अक्षर-जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

#IND vs AUS 4th Test, #Ashwin,