Uttarakhand Weather: मौसम ने ली करवट, पहाड़ से मैदान तक रुक-रुककर हो रही बारिश ने बढ़ाई ठंड
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तराखंड में रात भर रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं, हरिद्वार और रुड़की में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में पानी भी भर गया। उधर, कुमाऊं के अच्च हिमालयी क्षेत्र और केदारनाथ में बर्फबारी भी हुई। वहीं शुक्रवार रात से ही देहरादून सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में बारिश जारी रही। केदारनाथ, बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले चार दिनों में भी मौसम का रुख बदला रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले चार दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। 20 और 21 मार्च को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हिमपात हो सकता है। जिसका असर ठंड के रूप में मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ बिजली चमकेगी। शुक्रवार दोपहर से देहरादून में बादलों ने डेरा डाला और शाम को अंधड़ चलने लगी। देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई और रातभर झमाझम वर्षा दर्ज की गई। शनिवार की सुबह भी बारिश जारी रही। दून के बाहरी क्षेत्रों और मसूरी के आसपास कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। दून में रात को हुई झमाझम वर्षा से तापमान ने गोता लगाया और ठिठुरन महसूस की गई।
#Uttarakhand Weather Update, #uttarakhandweather, #dehradunnews, #uttarakhandnews, #dehradun ,







