मुज़फ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): सोमवार को किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर सिसौली में यज्ञ और हवन का कार्यक्रम हुआ।सभी राजनितिक दलों के नेताओं ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्‍या में किसान मौजूद रहे। बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने जीवन भर किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया, उनके द्वारा किसान हितों में किए गए कार्यों को याद किया गया, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर सहित कई जगहों पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सिसौली पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने पुण्यतिथि पर किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत का जीवन संघर्ष से भरा रहा। उन्होंने कहा कि किसान हित में लड़ी गई चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की संघर्ष की लड़ाई से किसानों को एक नया रास्ता मिला। भारतीय किसान यूनियन अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसान मसीहा को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके पद चिह्नों पर चलें। किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए जो रास्ता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने अख्तियार किया था उसी रास्ते पर आगे बढ़ें। इस मौके पर किसान मसीहा को याद किया गया।

#ChaudharyMahendraSinghTikait, #MahendraSinghTikait, #Muzaffarnagarnews,