बीस साल से चली आ रही दुश्मनी का अंत, साथ आए टिकैत और योगराज परिवार
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): मुजफ़्फ़ऱनगर के दो परिवारों की बीस साल से चली आ रही दुश्मनी का अंत हो गया हैं, जी हां चौधरी जगबीर सिंह व चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत परिवारों का मिलन हो गया और जगबीर सिंह हत्याकांड में समझौता हो गया है। जानकारी के अनुसार तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम करवाडा में राष्ट्रीय लोकदल राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह के विशेष निर्देश व समाज के प्रयास से लम्बे समय उपरांत दो परिवारों चौधरी जगबीर सिंह व चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत परिवार का आज एक पंचायत में आत्मिक मिलन हो गया है। खाप चौधरियों व भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत की मौजूदगी में दोनों दिग्गज परिवारों में समझौता हो गया है। इस दौरान पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि यह फैसले का ऐतिहासिक दिन है। यह दोनों परिवारों के मनमुटाव दूर होकर आत्मिक मिलन का दिन है। जो भी अराजनैतिक स्तर पर किसान आंदोलन होगा उसमें वह बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने दिवंगत जगबीर सिंह के दोनों पुत्रों पूर्व मंत्री योगराज सिंह व लेखराज सिंह के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, दोनों दिग्गज परिवारों में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी व खाप चौधरियों के सामूहिक प्रयास से समझौता संभव हो पाया है। पूर्व मंत्री योगराज सिंह व उनके भाई लेखराज सिंह ने सभी खाप चौधरियों, समाज के जिम्मेदार लोगों का व चौधरी जयंत सिंह का हार्दिक आभार जताते हुए कहा कि वह इस समझौते को दिल से स्वीकार करते हैं और मनों में बनी खटास को भी आज से दूर करते हैं। चौधरी राकेश टिकैत ने भी सभी खाप चौधरियों व समाज के जिम्मेदार लोगों का आभार जताया, सभी ने इस फैसले पर खुशी जाहिर की है। योगराज सिंह ने सिसौली में टिकैत परिवार के आवास पर जाकर अखंड ज्योति को भी प्रज्वलित करके मतभेद दूर होने के संकेत दिए।

गौरतलब है कि भारतीय किसान यूनियन और चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैतसे अलग विचारधारा रखने वाले किसान नेता गांव अलावलपुर निवासी चौधरी जगबीर सिंह (Chaudhary Jagbir Singh) की छह सितंबर 2003 को भौराकलां थाना क्षेत्र के अलावलपुर माजरा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी इस मामले में पिछले वर्ष जुलाई में आरोपी चौधरी नरेश टिकैत को सेशंन कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया था। सेशंस कोर्ट के जजमेंट के खिलाफ हाईकोर्ट में फिलहाल अपील लंबित है।
#Muzaffarnagarnews#GauravTikait#NareshTikait#YograjSingh#UPNews#MahendraSinghTikait#RakeshTikait,







