भारत ने अपने सभी नागरिकों से यूक्रेन की राजधानी कीव को तत्काल छोड़ने को कहा
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): छठे दिन भी कीव और खारकीव जैसे शहरों में भारी बमबारी होती रही. रूस के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनका देश सारे लक्ष्य हासिल करने तक यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखेगा.रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे बड़े शहर खार्किव में गोलाबारी तेज कर दी है. इस हमले में खार्किव में आज सुबह एक भारतीय छात्र की मौत हो गई. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर कहा, गहरा दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खार्किव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई. मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है. हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. इस बीच, भारत ने आज अपने सभी नागरिकों से यूक्रेन की राजधानी कीव को तत्काल छोड़ने का आग्रह किया है. यूक्रेन में भारतीय दूतावास की ताजा एडवाइजरी में कहा गया है, छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों को आज तत्काल कीव छोड़ने की सलाह दी जाती है. अब तक यूक्रेन से भारत कुल 1922 लोग लौट चुके हैं. यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ऑपरेशन गंगा चला रही है. इसके तहत मंगलवार को रोमानिया से 218 भारतीयों को लेकर एक विमान दिल्ली पहुंचा. इसके अलावा हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से भी एक विमान दिल्ली पहुंचा है. इसमें 216 भारतीयों को वापस लाया गया है. केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिल्ली एयरपोर्ट पर भारतीयों का स्वागत किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार यूक्रेन में फंसे हर भारतीय को वापस लाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है. बता दें कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सरकार ऑपरेशन गंगा चला रही है. इसकी शुरुआत 26 फरवरी को हुई थी. इस मुहिम के तहत अब तक 2 हजार से ज्यादा भारतीयों का वापस लाया जा चुका है. बीते दिन बुडापेस्ट से 240 भारतीयों को लेकर एक विमान दिल्ली पहुंचा था.
#UkraineRussiaCrisis, #thirdworldwar, #RussiaattackUkraine, #pmmodi, #pmo,,







