भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी: पीएम मोदी
सोनभद्र, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युद्धरत यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी को भारत की बढ़ती शक्ति का प्रमाण बताते हुये देशवासियों को आश्वस्त किया कि यूक्रेन से अपने नागरिकों को घर लाने के लिए भारत कोई कसर नहीं छोड़ेगा। ऑपरेशन गंगा का उल्लेख करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में जो हालात हैं ऐसे में ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य ही है कि हम यूक्रेन में फंसे हमारे देश के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए इतना बड़ा अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा के तहत कईं हजार नागरिकों को वहां से देश वापस लाया जा चुका है। इस मिशन को गति देने के लिए भारत ने अपने 4 मंत्रियों को भी वहां पर भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि संकट में फंसे भारतीयों को ज्यादा तेजी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है। मैं आज देश के लोगों को भी ये विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बदलते हुए समय में भारत को और ज्यादा ताकतवर बनना ही होगा। भारत तभी ताकतवर बनेगा, जब दूसरे देशों पर भारत की निर्भरता कम से कम होगी।







