खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में आज मौनी अमावस्या के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे. इस दौरान देर रात संगम नोज पर भगदड़ मच गई जिससे कई लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों का इलाज महाकुंभ मेले में मौजूद अस्पताल में किया जा रहा है. भगदड़ की घटना के बाद अखाड़ों ने अमृत स्नान रद्द कर दिया है। पीएम मोदी ने हादसे की जानकारी सीएम योगी से ली है। निर्मोही अखाड़े के अध्यक्ष महंत राजेंद्र दास ने कहा जब सभी लोग शाही स्नान के लिए जाने वाले थे, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में सुनने के बाद, हमारे अखाड़े के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से एक स्वर से निर्णय लिया कि हम शाही स्नान में भाग नहीं लेंगे. प्रधानमंत्री लगातार कुंभ की स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं और राज्य सरकार से लगातार संपर्क में हैं. घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संगम नोज जाने से बचें और अपने निकटतम घाटों पर ही स्नान करें. सीएम योगी ने कहा कि मेला क्षेत्र में स्नान के लिए कई घाट बनाए गए हैं. इसलिए किसी भी एक स्थान पर अधिक भीड़ इकट्ठा करने से बचा जाए. उन्होंने प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. सीएम योगी ने यह भी बताया कि पीएम मोदी, गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. मेरी फोन पर बातचीत भी हुई है. पीएम मोदी स्थिति को जानने के लिए 4 बार फोन कर चुके हैं. उनके निर्देशानुसार सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं.  मौके से सामने आए वीडियो के अनुसार कुछ महिलाओं और बच्चों को भी चोट लगी है। अभी हालात काबू में बताये जाते हैं। महाकुंभ नगर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बरतने की अपील की है। 

#MahakumbhStampede #Mahakumbh2025 ##Mahakumbh #UPNews,