उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार
देहरादून, खबर न्यू इंडिया : उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। उनके साथ राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी भी थे। शाह से भेंट करने से पहले धामी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से भी मिले। इस दौरान उत्तराखंड के विषय में हुई बैठक में चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा हुई। हालांकि सबकी निगाहें सीएम के चेहरे को लेकर केंद्रीय नेतृत्व पर लगी हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में पुष्कर सिंह धामी के अलावा धन सिंह रावत और सतपाल महाराज के नाम की भी चर्चा है. धन सिंह रावत राज्य सरकार में मंत्री हैं. कद्दावर नेता और कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए सतपाल महाराज का नाम भी सीएम पद की रेस में है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी सीएम पद के दावेदार हो सकते हैं. विधानसभा का चुनाव उनके ही नेतृत्व में लड़ा गया है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में सरकार के गठन, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को लेकर पत्ते नहीं खोले। इस कारण मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। दिल्ली पहुंचे कार्यवाहक मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर 47 सीटें जीती हैं. लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद अपनी सीट हार गए हैं.
#uttarakhandbjp, #uttarakhandcongress, #election2022, #harishrawat, #cmdhami, #puskharsinghdhami, #bjputtarakhand,







