टीम इंडिया की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल
(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। दुनियाभर में भारतीय फैंस ने डांस कर जश्न मनाया। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भारत ने रविवार (9 मार्च, 2025) को अपने नाम कर ली. दुबई में फाइनल मैच हुआ, जहां न्यूजीलैंड को इंडिया ने हरा दिया. फाइनल में न्यूजीलैंड के 252 रन के लक्ष्य को भारत ने 49 ओवर में चार विकेट रहते हासिल कर लिया। पिछले दो साल में भारत का यह लगातार दूसरा आईसीसी खिताब है. तीसरी बार ICC चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में महफिल लूट ली. टीम इंडिया की खिताबी जीत के बाद दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में दिवाली जैसा माहौल हो गया. भारत की 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीत का उत्साह पूरे दुबई शहर में छाया हुआ था. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आतिशबाजी शुरू हुए करीब तीन घंटे बीत चुके थे और शहर की हलचल से दूर एक बड़ी पार्टी शुरू हो गई. टीम के युवा खिलाड़ियों ने थिरकने में कोई कसर नहीं छोड़ी और सीनियर्स ने इस पल का लुत्फ उठाया और अपने परिवार के सदस्यों और प्रियजनों के साथ जश्न मनाया. जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी श्रेयस अय्यर अपने अंदाज में डांस करते हुए नजर आए. इस दौरान उनके इस मूव ने विराट कोहली के 2013 के सेलिब्रेशन की याद दिला दी. भारत रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतते ही टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गई. भारत ने अब तीन बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है. इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ दिया है. इस खिताबी जीत के साथ ही रोहित भारत के लिए एक से अधिक आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं। रोहित के नेतृत्व में भारत ने इससे पहले पिछले साल टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था। भारत को अपनी कप्तानी में सबसे ज्यादा आईसीसी खिताब दिलाने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है जिन्होंने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीती है। धोनी के नेतृत्व में भारत ने 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। वहीं, सौरव गांगुली और कपिल देव की कप्तानी में भारत ने एक-एक आईसीसी खिताब जीते हैं। रोहित तीसरे ऐसे भारतीय कप्तान हैं जिसने चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।
#ICCChampionsTrophy #Teamindia #ChampionsTrophy2025Final,







