(स्पोर्ट्स डेस्क): मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराकर इस सत्र की तीसरी जीत दर्ज की। 2015 के बाद यह आरसीबी की इस मैदान पर मुंबई के खिलाफ पहली जीत है। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया. आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 221 रन बनाए. जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 209 रन ही बना पाई. मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया. उन्होंने 56 रनों की पारी खेली. हार्दिक पांड्या ने 42 रन बनाए. सूर्यकुमार यादव 28 रन बनाकर आउट हुए. आरसीबी के लिए क्रुणाल पांड्या ने 4 विकेट झटके. यश दयाल और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए. भुवनेश्वर कुमार ने 1 विकेट लिया. इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान के साथ 221 रन बनाए थे. इस दौरान विराट कोहली ने 67 रनों की शानदार पारी खेली. रजत पाटीदार ने विस्फोटक बैटिंग करते हुए 64 रन बनाए. देवदत्त पडिक्कल ने 37 रनों का योगदान दिया. वहीं जितेश शर्मा ने नाबाद 40 रन बनाए. मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट लिए.
इस टूर्नामेंट में मुंबई की पांच मैचों में ये चौथी हार है.  उसे सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है. मुंबई को चेन्नई सुपरकिंग्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हराया है. उसे इकलौती जीत इसी मैदान पर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मिली थी. वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है. आरसीबी ने वानखेड़े में मुंबई के खिलाफ 3619 दिन बाद जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम तीसरे पायदान पर पहुंच गई। उनके खाते में छह अंक और 1.015 नेट रन रेट हो गया है।

#IPL2025 #IPL #MIvsRCB #BCCI,