विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा
(स्पोर्ट्स डेस्क): रोहित शर्मा के बाद अब विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास लेकर सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चुने जाने से ठीक पहले यह फैसला लिया. कोहली ने इंस्टाग्राम पर अपने 14 साल के टेस्ट करियर को अलविदा कहने का ऐलान किया. एक हफ्ते के अंदर दो दिग्गज खिलाड़ियों के संन्यास से फैंस सदम में हैं। इसी के साथ भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक अध्याय का अंत हो गया। भारत को इंग्लैंड का दौरा अगले महीने करना है। इस दौरान टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी।
विराट कोहली ने टेस्ट जर्सी में अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, "टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं. ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा. इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा. कोहली ने आगे लिखा, "वाइट जर्सी में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है. शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं. जब मैं इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है, लेकिन यह सही लग रहा है. मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है."
"मैं खेल के लिए, मैदान पर खेलने वाले लोगों के लिए और हर उस व्यक्ति के लिए आभार से भरा दिल लेकर जा रहा हूं जिसने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया.मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा."
विराट कोहली ने 20 जून को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2011 में अपना टेस्ट डेब्यू मैच खेला था. डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 4 और दूसरी पारी में 15 रन बनाए थे. इन 14 सालों के टेस्ट करियर में विराट कोहली ने 123 मैचों की 210 पारियों में कुल 9230 रन बनाए हैं. उनका टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर 254 रनों का है, जो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था. विराट ने टेस्ट क्रिकेट में 31 अर्धशतक और 30 शतक ठोके हैं. टेस्ट करियर में कोहली ने कुल 1027 चौके और 30 छक्के लगाए। इसके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 125 मैचों में 48.7 की औसत और 137.05 के स्ट्राइक रेट से 4188 रन बनाए। इसमें एक शतक और 38 अर्धशतक भी शामिल हैं। वनडे में कोहली 302 मैचों में 57.88 की औसत और 93.35 के स्ट्राइक रेट से 14181 रन बना चुके हैं। इसमें 51 शतक और 74 अर्धशतक शामिल हैं। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में यह बात चल रही थी कि कोहली ने बीसीसीआई को अपने संन्यास के बारे में जानकारी दे दी है, लेकिन बीसीसीआई ने आगामी इंग्लैंड टेस्ट सीरीज को देखते हुए उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा था। हालांकि, कोहली ने टेस्ट से संन्यास लेने का ही फैसला किया। भारत के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि बुधवार (सात मई) को नियमित कप्तान रोहित ने भी टेस्ट से संन्यास ले लिया था।
#ViratKohliTestRetirement #ViratKohli #BCCI,







