पाक आर्मी चीफ ने दी परमाणु युद्ध की गीदड़भभकी
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): भारत ने पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर के उस बयान पर तीखी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने भारत द्वारा सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों पर बनाए जा रहे बांधों को मिसाइलों से उड़ाने की धमकी दी थी. यह बयान उन्होंने अमेरिका की जमीन पर दिया, दो माह में दूसरी बार मुनीर अमेरिका पहुंचे हैं। कार्यक्रम में मुनीर ने कहा था कि हम भारत के सिंधु नदी पर डैम बनाने का इंतजार करेंगे, और जब वे ऐसा करेंगे, तो हम दस मिसाइलों से उसे तबाह कर देंगे। सिंधु नदी भारत की निजी संपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत खुद को विश्वगुरु के रूप में पेश करना चाहता है, लेकिन वास्तविकता में ऐसा कुछ भी नहीं है। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल मुनीर यह गीदड़भभकी देने से भी नहीं चूके कि अगर भविष्य में भारत के साथ युद्ध में उनके देश के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वो इस पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक देंगे। मुनीर ने कहा कि हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं और अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। मुनीर का बयान इस लिहाज से सनसनीखेज है कि पहली बार अमेरिकी धरती से किसी तीसरे देश को परमाणु युद्ध की धमकी दी गई है।
भारत सरकार के सूत्रों ने कहा कि आसिम मुनीर का यह बयान कोई नया नहीं है. जब भी अमेरिका पाकिस्तान की सेना का समर्थन करता है, पाकिस्तान अपनी असलियत दिखा देता है. सूत्रों ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है, वहां सेना ही सब कुछ नियंत्रित करती है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पाकिस्तान में परमाणु हथियार गैर-राज्य तत्वों के हाथ में जाने का वास्तविक खतरा है.
#IND VS PAK #PakistanArmyChiefAsimMunir,







