नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिए जाने वाले महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में तीन फीसदी की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है. इस बढ़ोतरी के लागू होने के बाद अब केंद्रीय कर्मियों और पेंशनभोगियों को 31 फीसदी के स्थान पर 34 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा. बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी हो रही है. महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में इस बढ़ोतरी से सरकारी कोष पर कुल 9,544.50 करोड़ रुपये सालाना का खर्चा बैठेगा. इस बढ़ोतरी से 47.68 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 68.62 लाख पेंशनभोगियों को फायदा पहुंचेगा. यह बढ़ोतरी सातवें वेतन आयोग के फॉर्मूले के आधार पर बढ़ाया गया है.