कोरोना महामारी एक बार फिर से बन रही चिंता का सबब
कोरोना महामारी एक बार फिर से चिंता का सबब बन गई है. करीब एक महीने की गिरावट के बाद संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. एशिया से लेकर पश्चिमी देशों तक कोरोना का प्रकोप दोबारा नजर आने लगा है. वहीं, एक्सपर्ट्स ने चेतावनी देते हुए कहा है कि लापरवाही भारी पड़ सकती है. ओमिक्रॉन का अधिक संक्रामक BA.2 वैरिएंट यूरोप और चीन के कुछ हिस्सों में तेजी से फैल रहा था. मार्च में यहां कई नए केस रिकॉर्ड किए गए हैं. चीन का शंघाई शहर नए हॉटस्पॉट के तौर पर सामने आया है. यहां प्रशासन ने हालात से निपटने के लिए लॉकडाउन लगाया है. इस महीने यानी मार्च में फ्रांस, इटली, जर्मनी और ब्रिटेन में भी कोरोना के मामलों में तेज दर्ज की गई है. वहीं, अमेरिका में भी 'कोरोना रिटर्न' की चेतावनी दी जा रही है. सबसे ज्यादा चिंता इस बात को लेकर है कि चीन में कोरोना फिर से जोर पकड़ने लगा है. महामारी की शुरुआत चीन वुहान से हुई थी और इसके बाद इसने पूरी दुनिया को अपनी गिरफ्त में ले लिया था.







