9 मई को बंगाल में होगा भाजपा के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : भारतीय जनता पार्टी ने 294 सीटों वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा में बंपर जीत हासिल की है. वहीं असम में भी बीजेपी की सरकार एक बार फिर बनी है. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के साथ ही तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और उनके कई मंत्री चुनाव हार गए. ममता बनर्जी अपने गृह क्षेत्र भवानीपुर में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से 15,105 मतों से हार गईं.
भारतीय जनता पार्टी राज्य में नई सरकार का शपथ‑ग्रहण समारोह टैगोर जयंती (रवींद्र जयंती) के दिन यानी 9 मई को आयोजित करेगी. इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और राजनीतिक बदलाव दोनों के संगम के रूप में देखा जा रहा है. पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा।
सोमवार को ऐतिहासिक जनादेश सामने आने के बाद, मोदी ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ टैगोर के आदर्शों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प ऐसा बंगाल बनाना है 'जहां मन भयमुक्त हो और मस्तक ऊंचा रहे', जो गुरुदेव टैगोर की अमर पंक्तियों की भावना को दर्शाता है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 2014 के बाद जिस तेजी से अपना विस्तार किया, उसने देश के राजनीतिक नक्शे को काफी हद तक बदल दिया है. जहां पहले बीजेपी कुछ ही राज्यों तक सीमित थी, वहीं आज यह पार्टी या इसके नेतृत्व वाला एनडीए (NDA) गठबंधन देश के बड़े हिस्से में सत्ता में दिखाई देता है.
#BJP4India #AssemblyElectionResult #Indianews #westBengal ,






