करणी सेना का प्रदर्शन, प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): देहरादून में क्षत्रिय करणी सेना ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान करणी सेना ने सरकार और प्रशासन पर लगातार अनदेखी का आरोप लगाया। संगठन का कहना है कि जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय भी मांगा गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि संगठन की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो करणी सेना प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।
#Dehradunnews #Uttarakhandnews,






