आरएसएस की राष्ट्रीय चिंतन बैठक में जोर-शोर से उठा धर्मांतरण और लव जिहाद का मुद्दा
ऋषिकेश /देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): शनिवार को रायवाला स्थित औरावैली आश्रम के विश्व मंदिर में आरएसएस की राष्ट्रीय चिंतन बैठक में धर्मांतरण और लव जिहाद का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। कोर ग्रुप के सदस्यों का कहना था कि कोरोना काल के दौरान धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि खासकर पिछड़ी और मलिन बस्तियां धर्म परिवर्तन रैकेट के निशाने पर हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कोर ग्रुप ने देश में बढ़ते धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों पर चिंता व्यक्त की है। कोरोना काल में बीते दो वर्ष के दौरान संघ की गतिविधियां सीमित हो गई थीं। बैठक में निर्णय लिया गया की अब संघ एक बार फिर धर्म जागरण के अपने महत्वपूर्ण एजेंडे पर ध्यान केंद्रित करेगा। कोर ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि लव जिहाद भी आज के दौर का एक बड़ा गंभीर मुद्दा है। धार्मिक पहचान छिपाकर प्रेम जाल में फंसाने के बाद धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। नाबालिग बच्चियां भी लव जिहाद का शिकार बन रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लव जिहाद को फैलाने का माध्यम बनाया गया है। आतंकवाद की तरह लव जिहाद की भी फंडिंग की जा रही है।
कोर ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि धर्म जागरण के लिए वैचारिक सहयोगियों की भी मदद ली जाएगी। बैठक में संघ कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह कार्यवाह मनमोहन वैद्य, मुकंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, शारीरिक प्रमुख सुनील कुलकर्णी, बौद्धिक प्रमुख स्वांत रंजन, व्यवस्था प्रमुख मंगेश भिंड, प्रचार प्रमुख सुरेश चंद, प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, प्रचारक प्रमुख सुरेश चंद, सेवा प्रमुख पराग अभ्यंकर, सुरेश जोशी भैया जी, कृष्णगोपाल, इंद्रेश कुमार, राम माधव, जे नंद कुमार, रामलाल जी, बीएल संतोष और मिलिंद मराठे आदि उपस्थित थे।







