IPL 2026: आरसीबी की ऐतिहासिक जीत, लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन
(स्पोर्ट्स डेस्क): रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंदकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है. गुजरात की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे, जवाब में आरसीबी ने 18वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल करके इतिहास रच दिया. विराट कोहली ने नाबाद 75 रनों की पारी खेली. आईपीएल के इतिहास में RCB ऐसी केवल तीसरी टीम बन गई है, जिसने लगातार 2 सीजन आईपीएल की ट्रॉफी जीती हो. आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में कुल पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी थी। हालांकि 2009, 2011 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के बाद टीम ने 2026 में भी खिताब जीतकर अपने सुनहरे दौर को आगे बढ़ाया।
इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के असली महानायक रहे 'किंग' विराट कोहली. उन्होंने महज 42 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 75 रनों की ऐसी जादुई पारी खेली, जिसने गुजरात के गेंदबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर अरशद खान को एक कड़क छक्का जड़कर न सिर्फ मैच खत्म किया, बल्कि बेंगलुरु के फैंस को जश्न में डुबो दिया. इस बेमिसाल पारी के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया. कोहली ने गुजरात के खिलाफ सिर्फ 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक ठोका. यह आईपीएल फाइनल के इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी है.
इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (जीटी) 8 विकेट पर 155 रन बना सकी थी। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुजरात सलामी बल्लेबाज कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस अहम मैच में फ्लॉप रहे। सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की तरफ से वाशिंगटन सुंदर एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। इसके अलावा, निशांत सिंधू 20, जोस बटलर 19, और अरशद खान 15 रन बनाकर आउट हुए। जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 37 रन देकर दो, भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 29 रन देकर दो, और क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिए थे। कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए दमदार पारी खेली। कोहली ने आईपीएल का अपना सबसे तेज पचासा लगाया और आरसीबी को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाया।
#RCB #RCBvsGTIPL2026 #BlueMoon #PlayBold #IPL2026,







