इस्लामाबाद: आखिरकार कल देर रात पीएम इमरान खान अपनी कुर्सी नहीं बचा पाए. पाकिस्तान में पिछले कई दिनों से जारी सियासी उठापटक के बीच अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हुई और इमरान खान सरकार के खिलाफ 174 वोट पड़े और इस तरह इमरान खान की सरकार गिर गई. इमरान खान देश के इतिहास में ऐसे पहले प्रधानमंत्री बन गये, जिन्हें अविश्वास प्रस्ताव के जरिये हटाया गया है. इमरान खान सरकार गिरने के बाद अब विपक्ष सरकार बनाने को तैयार है. विपक्ष की तरफ से पाकिस्तान मुस्लिम लीग –एन के अध्यक्ष शाहबाज शरीफ को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है, बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 2 दिन पहले डिप्टी स्पीकर द्वारा अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करने और राष्ट्रपति द्वारा असेंबली भंग करने के फैसले को पलट दिया था और न सिर्फ असेंबली बहाल की थी, बल्कि अविश्वास प्रस्ताव पर भी 9 तारीख को हर हाल में वोटिंग संपन्न कराने का आदेश दिया था.