पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरा होने पर मीडिया संवाद में सीएम धामी ने गिनाई उपलब्धियां
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): शुक्रवार को देहरादून स्थित भाजपा के पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मीडिया संवाद में सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 12 वर्षों में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम का रिकॉर्ड ही नहीं बनाया बल्कि लंबे समय से विकासशील देश की अवधारणा पर अटके भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है। इस दौरान जनता ने 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार आशीर्वाद देकर साबित किया कि देश अब नारे नहीं, काम पर वोट देता है। आज भारत आत्मविश्वास से भरा, सुरक्षित और विश्व में सम्मानित राष्ट्र बन चुका है।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत की युवा शक्ति को अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हुए हैं। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया तथा रोजगार मेलों जैसी पहलों ने करोड़ों युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। आज देश में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहे हैं, जबकि करोड़ों युवा कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। खेलों, तकनीक, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी भारत को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। युवा शक्ति के सामर्थ्य को पहचानकर उसे सशक्त बनाने का यह संकल्प ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भारत निरंतर रक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। डीआरडीओ इंडिया द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस प्रणाली एवं नौसैनिक एंटी-शिप मिसाइल से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों का सफल परीक्षण देश की बढ़ती सामरिक शक्ति, वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करता है। इस महत्वपूर्ण सफलता के लिए डीआरडीओ के सभी वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह उपलब्धि राष्ट्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण ही आज अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को ₹5 लाख तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो रही है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास की अभूतपूर्व रफ्तार प्राप्त की है तथा सुशासन, आधारभूत अवसंरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 12 वर्षों में भारत ने जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत संरचना, आर्थिक सशक्तिकरण, महिला उत्थान, युवा विकास, किसान कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। इन वर्षों में शासन की प्रत्येक नीति और योजना का केंद्र बिंदु समाज के अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उत्तराखंड में भी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, मानसखंड मंदिर माला मिशन तथा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के मास्टर प्लान के अंतर्गत हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों ने देवभूमि को नई पहचान दिलाई है। इन परियोजनाओं ने प्रदेश में कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान की है।
#BJP4India #BJP4uk#narendramodi #cmpushkarsinghdhami #pushkarsinghdhami #cmdhami #Dehradunnews #Uttarakhandnews,






