खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में से एक भारतीय रेलवे में हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन भी शामिल हो गयी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे जंक्शन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रूट पर अपनी सेवाएं देगी। इसके साथ ही भारत क्लीन और मॉर्डन रेलवे सिस्टम के एक नए दौर में पहुंच गया है. इस उपलब्धि के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जिन्होंने रेलवे के क्षेत्र में हाइड्रोजन तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है. फिलहाल इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फिलहाल यह ट्रेन करीब 90 किलोमीटर के रूट पर चलेगी, लेकिन भविष्य में इसके विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। हम लगातार शोध करते रहेंगे, ताकि इसकी लागत कम हो और इसकी दक्षता बढ़ाई जा सके। दुनिया में अभी केवल तीन-चार देशों के पास ही हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने की क्षमता है और वहां भी यह तकनीक अभी शुरुआती दौर में है। ऐसे में भारत की हाइड्रोजन तकनीक और क्षमता पूरे देश के लिए गर्व की बात है। पीएम मोदी ने कहा, आज जींद और हरियाणा का नाम इतिहास पन्नों में दर्ज हो हो गया है। आज यहां देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली है। पिछले कुछ वर्षों में, पूरा हरियाणा विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भारत में पहली ट्रेन बॉम्बे से ठाणे के बीच चली थी। वैसे ही भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र आएगा, तो जींद के, सोनीपत का और हरियाणा का नाम आएगा ही आएगा।

#HydrogenFuelTrain #Hydrogen #pmmodi,