"उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार" के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तराखण्ड शासन द्वारा "उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार" के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह पुरस्कार ऐसे महानुभावों/व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा, जिनके उत्कृष्ट कार्यों से उत्तराखण्ड राज्य का नाम राष्ट्रीय अथवा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ हो, राज्य का सम्मान बढ़ा हो अथवा जिन्होंने राज्य के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो तथा जिनके कार्यों की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई हो।
शासन के निर्देशानुसार पुरस्कार के लिए पात्र व्यक्तियों से निर्धारित प्रारूप पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन जिलाधिकारी से सत्यापित कराकर सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, उत्तराखण्ड शासन, सचिवालय परिसर, सुभाष रोड, देहरादून-248001 को उपलब्ध करा सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 30 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है।






