दिल्ली/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंबेडकर जयंती के अवसर पर राजधानी दिल्ली के तीन मूर्ति भवन परिसर में देश के प्रधानमंत्रियों को समर्पित एक नवनिर्मित संग्रहालय का उद्घाटन किया. इस संग्रहालय का उद्घाटन आजादी के 75 साल के उपलक्ष्य में देश भर में मनाए जा रहे 'आजादी के अमृत महोत्सव' के दौरान किया गया है. प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मोदी की परिकल्‍पना से मार्गदर्शित यह संग्रहालय देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि है. कहा कि आने वाली पीढ़ी इतिहास का सच देखेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तेजी से बदल रहे भारत की तस्वीर ये संग्रहालय दुनिया को दिखाएगा. उन्होंने कहा कि यह टेक्नोलॉजी के माध्यम से ऐसा अनुभव देगा जैसे हम उसी दौर में जी रहे हैं.  उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का पर्व, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तब ये म्यूजियम, एक भव्य प्रेरणा बनकर आया है. इन 75 वर्षों में देश ने अनेक गौरवमय पल देखे हैं. इतिहास के झरोखे में इन पलों का जो महत्व है, वो अतुलनीय है. प्रधानमंत्री संग्रहालय  देश के प्रधानमंत्रियों के जीवन और योगदान के जरिए आजादी के बाद के भारत की कहानी बयां करता है. यह संग्रहालय आजादी के बाद देश के प्रत्येक प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि है, चाहे उनका कार्यकाल जो भी रहा हो और चाहे उनकी जो भी विचारधारा रही हो.