जिला पंचायत में रालोद ने पक्षपातपूर्ण कार्य करने का लगाया आरोप
मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय सरकुलर रोड पर एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद मुजफ्फरनगर व शामली के सभी विधायक व जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। सभी सदस्यों ने आरोप लगाया कि गत 1 वर्ष में सत्ता पक्ष के जिला पंचायत अध्यक्षों द्वारा विपक्ष के सदस्यों को कोई भी कार्य नहीं दिया गया है और नियम विरुद्ध जाकर कार्य कराये जा रहे हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए। सत्ता के द्वारा ऐसा दुर्व्यवहार पहले कभी नहीं हुआ। राष्ट्रीय लोकदल व सपा गठबंधन के विधायकों व जिला पंचायत सदस्यों ने मुजफ्फरनगर व शामली के जिला पंचायत अध्यक्ष पर विकास कार्य में विपक्ष के कार्य प्रस्ताव पास न करने के आरोप लगाते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी है। रालोद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य भी जनता द्वारा चुने जाते हैं। उनकी भी जनता के प्रति जवाबदेही है, अगर चल रहे वित्तीय वर्ष में भी जिला पंचायत अध्यक्षों की कार्यशैली नहीं बदलती है, तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से सपा व रालोद के दोनों जिलों शामली व मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष, सभी विधायक जिनमें रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, विधायक प्रसन्न चौधरी, विधायक पंकज मलिक, विधायक अनिल कुमार, विधायक चंदन चौहान, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, जिला पंचायत सदस्य सतेंद्र बालियान, गज्जू पठान, यूनुस चौधरी, इरशाद जाट, सलीम चौधरी, विकास राफ़े खां, संजय रवि, विकास शर्मा, आमीर कासिम, उमेश कुमार, अरविन्द पंवार, शेर सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।







